
आरसीसी पब्लिक स्कूल में गूंजा जय श्रीकृष्ण का जयघोष, दही हांडी में बच्चों ने दिखाया उत्साह
बस्ती। आरसीसी पब्लिक स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर शैलेश चौधरी और प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्राथमिक वर्ग के बच्चों ने ‘नटखट-नटखट’ गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। कक्षा छह से आठ के विद्यार्थियों ने ‘वो कृष्णा है’ गीत पर शानदार प्रस्तुति दी। वहीं प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्नों ने ‘राधा गोरी-गोरी’ गीत पर मनमोहक नृत्य कर सभी को आकर्षित किया।
जन्माष्टमी समारोह में दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता खास आकर्षण रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और टीम भावना के साथ प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में डीसेंट हाउस (येलो) ने प्रथम, ग्लोरी हाउस (रेड) ने द्वितीय और लॉफ्टी हाउस (ग्रीन) ने तृतीय स्थान हासिल किया।
डायरेक्टर शैलेश चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन विद्यार्थियों को सत्य, कर्म, प्रेम, अनुशासन और सदाचार की सीख देता है। उन्होंने बच्चों से श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। प्रधानाचार्य नवनीत दीक्षित ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बच्चों में भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
समारोह का समापन विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों के सामूहिक ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयघोष के साथ हुआ।





