उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में हर्षोल्लास से मना जन्माष्टमी उत्सव, राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन

बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में जन्माष्टमी का पर्व गुरुवार को हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं बाल लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा एवं गोपियों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर नृत्य, गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे कलाकारों की प्रतिभा और भावपूर्ण अभिनय को देखकर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय नजर आया।
विद्यालय के शिक्षकों ने बच्चों को जन्माष्टमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराते हुए भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।
विद्यालय के प्रबंधक विनय शुक्ला ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ ही उन्हें अपनी समृद्ध भारतीय संस्कृति से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। वहीं प्रधानाचार्या शशि प्रभा त्रिपाठी ने सभी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, सद्भाव, कर्म एवं सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों एवं शिक्षकों के साथ मिलकर जन्माष्टमी उत्सव को हर्षोल्लास एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया।

Related Articles

Back to top button