
बिजली समस्याओं को लेकर राना दिनेश प्रताप सिंह, ने अधिशासी अभियंता कार्यालय का किया घेराव
बस्ती, 01 जून। जिले में व्याप्त बिजली समस्याओं के समाधान को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह लगातार सक्रिय हैं। शनिवार को उन्होंने लखनऊ में प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से मुलाकात कर जिले की विद्युत व्यवस्था से संबंधित समस्याओं को विस्तार से अवगत कराया था। वहीं सोमवार को बस्ती पहुंचते ही उन्होंने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
राना दिनेश प्रताप सिंह ने ऊर्जा मंत्री से जिले में अघोषित बिजली कटौती समाप्त करने, जर्जर पोल एवं तारों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने तथा बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली संकट से आम जनता परेशान है और विभागीय उदासीनता के कारण समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं।
सोमवार को समर्थकों के साथ अधिशासी अभियंता द्वितीय अरुण सिंह के कार्यालय पहुंचने पर उनके अनुपस्थित मिलने से राना नाराज हो गए। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रीय सहायक अभियंता आशीष मिश्र को फोन कर तत्काल कार्यालय बुलाया और चेतावनी दी कि नगर की विद्युत व्यवस्था हर हाल में शीघ्र बहाल की जाए, अन्यथा जनहित में कठोर कदम उठाने पड़ेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि बारीजोत, बकैनिया, बरवनिया, खुटहन, देवापार सहित कई वार्डों में आंधी-पानी के बाद सात दिनों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। राना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का स्पष्ट निर्देश है कि बिजली संबंधी शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निस्तारण किया जाए, लेकिन कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी सरकार की मंशा के विपरीत कार्य कर जनता को परेशान कर रहे हैं।
इस दौरान सहायक अभियंता आशीष मिश्र ने संबंधित अवर अभियंता एवं ठेकेदार से वार्ता कर आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर क्षेत्र की सभी विद्युत समस्याओं का समाधान करा दिया जाएगा।





