गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चों ने गांव में बनाया देसी स्विमिंग पूल

बस्ती। भीषण गर्मी और तेज धूप से राहत पाने के लिए बच्चों ने अपनी सूझबूझ और मेहनत से गांव में ही देसी स्विमिंग पूल तैयार कर लिया। मामला सल्टौआ विकासखंड के कड़हा गांव का है, जहां बच्चों ने खेत में पॉलिथीन बिछाकर अस्थायी स्विमिंग पूल बनाया है। अब गांव के बच्चे इसी पूल में नहाकर गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इन दिनों जिले में पड़ रही भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। खासकर दोपहर के समय तेज धूप और उमस के कारण बच्चों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। गांव के प्रांजल चौधरी, दिवाकर चौधरी, विक्की चौधरी, प्रिंस चौधरी, रितेश चौधरी, अंकित चौधरी और आयूष शर्मा समेत अन्य बच्चों ने गर्मी से परेशान होकर कुछ अलग करने की ठानी। बच्चों ने गांव के एक खेत में गड्ढा तैयार किया और उसमें पॉलिथीन बिछाकर पानी भर दिया। देखते ही देखते यह देसी स्विमिंग पूल तैयार हो गया। ग्रामीणों ने भी बच्चों की इस रचनात्मक सोच की सराहना की है। लोगों का कहना है कि बच्चों ने बिना किसी संसाधन के अपनी समझदारी से गर्मी से बचने का अच्छा तरीका खोज लिया। हालांकि ग्रामीणों ने बच्चों से सावधानी बरतने और बड़ों की निगरानी में ही पूल में नहाने की अपील भी की है, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।

Related Articles

Back to top button