
नए उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुआ शैक्षणिक सत्र 2026-27
बस्ती। पचपेड़िया रोड स्थित यूरोकिड्सएवं देल्ही पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ उत्साह, उल्लास और सकारात्मक ऊर्जा के साथ हुआ। नए सत्र के पहले दिन विद्यालय परिसर रंग-बिरंगी सजावट, आकर्षक गुब्बारों और स्वागत संदेशों से सुसज्जित नजर आया। नन्हे-मुन्ने बच्चों के चेहरों पर नई कक्षा में प्रवेश की खुशी साफ झलक रही थी।
विद्यालय प्रबंधन एवं अध्यापकगणों ने बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया। कई छोटे बच्चों के लिए यह विद्यालय का पहला अनुभव था, जिसे यादगार बनाने के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रत्येक कक्षाओं को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा बच्चों के लिए खेल-आधारित शिक्षण गतिविधियाँ रखी गईं थी जिससे वे सहज और प्रसन्न महसूस करें।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक अमरमणि पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि नया सत्र बच्चों के लिए नई संभावनाओं और नए सपनों की शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रेरणा देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्राचार्या श्रीमती अर्चना पांडेय ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र विकास—शैक्षणिक, नैतिक और सामाजिक—पर विशेष ध्यान देना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के विद्यार्थी इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्था का नाम रोशन करेंगे।
शैक्षणिक सहयोगी अध्यापक एवं अध्यापिकाओं ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नई कक्षा में पूरे मनोयोग से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे आधुनिक शिक्षण विधियों और नवाचारों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
पहले दिन विद्यालय में परिचय सत्र, प्रेरक गतिविधियाँ, खेल एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच आत्मीय संबंध स्थापित हो सके। अभिभावकों ने भी विद्यालय की सुव्यवस्थित व्यवस्था और स्वागत कार्यक्रम की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि सत्र 2026-27 में शिक्षा के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों, व्यक्तित्व विकास कार्यक्रमों और नैतिक मूल्यों पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि बच्चे न केवल शैक्षणिक रूप से बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफल बन सकें।
नए सत्र की इस सुखद शुरुआत के साथ यूरोकिड्स एवं देल्ही पब्लिक सिनियर स्कूल बस्ती ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारों के संगम से ही उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।




