
चोरी के मामले में तीन वांछित गिरफ्तार, बैटरी व खिलौना पिस्टल बरामद
बस्ती, 27 फरवरी। जनपद के थाना मुण्डेरवा पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक इनवर्टर बैटरी तथा एक खिलौना पिस्टल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी 2026 को वादी द्वारा थाना मुण्डेरवा में तहरीर देकर बताया गया था कि उसकी दुकान से इनवर्टर, कपड़ा एवं कॉस्मेटिक का सामान चोरी हो गया है। आरोप है कि शिकायत करने पर एक आरोपी ने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस संबंध में मु0अ0सं0 43/2026 धारा 331(4), 305(a), 352, 351(3), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार तड़के करीब 1:55 बजे ग्राम खमोखर के पास से मोहित चौधरी (25 वर्ष), राजू उर्फ राजा चौधरी (28 वर्ष) तथा रोहित चौधरी (30 वर्ष) निवासी ग्राम खमोखर, थाना मुण्डेरवा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से एक प्लास्टिक की खिलौना पिस्टल बरामद हुई है। उनकी निशानदेही पर इचड़वा पुल के पास से चोरी की एक इनवर्टर बैटरी भी बरामद की गई।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जावेद खान, उपनिरीक्षक गिरीशचंद्र यादव, कांस्टेबल कामोद कुशवाहा एवं कांस्टेबल भगवान दयाल यादव शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।





