
अपराध समीक्षा गोष्ठी में डीआईजी ने दिए सख्त निर्देश, त्योहारों पर विशेष सतर्कता के आदेश
सिद्धार्थनगर, 24 फरवरी।पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार, सिद्धार्थनगर में जनपद की अपराध एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण, निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने तथा गैंगस्टर, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चोरी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
बैठक में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र तथा संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फूट पेट्रोलिंग बढ़ाने, मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, ITSSO व JMIS आदि पोर्टलों की नियमित समीक्षा करने और ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत जब्त वाहनों के निस्तारण में तेजी लाने को कहा गया।
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत डीआईजी ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा होली से संबंधित जुलूसों को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से त्योहारों को प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। साथ ही किसी नई परंपरा की शुरुआत न करने, हुड़दंग से बचने और जबरन रंग न लगाने की हिदायत दी गई।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।





