
लिटिल फ्लावर्स स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई
बस्ती।लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम् वाल्टरगंज, बस्ती में कक्षा 12 के छात्र-छात्राओं के लिए भावभीना विदाई समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह एवं निदेशिका अपर्णा सिंह की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंधक एवं निदेशिका के कर-कमलों द्वारा विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीया मधुरानी सिंह के चित्र पर पुष्पार्चन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात कक्षा 11 की छात्राओं द्वारा सुमधुर सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में भावपूर्ण स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावनात्मक बना दिया।
इस अवसर पर प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए अपने विद्यालयी जीवन के संस्मरण साझा किए। उन्होंने कहा कि विद्यालय जीवन की स्मृतियाँ जीवन भर प्रेरणा देती हैं और कठिन परिस्थितियों में मार्गदर्शन करती हैं।
निदेशिका अपर्णा सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि जीवन की खट्टी-मीठी यादें ही हमारी सच्ची धरोहर होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर सफलता की सीढ़ियाँ चढ़ने का आह्वान किया।
इसके उपरांत कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं द्वारा मनोरंजक, ज्ञानवर्धक एवं भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कक्षा 12 के विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप उपहार भी प्रदान किए गए। पूरे विद्यालय परिसर में भावनाओं, अनुभवों एवं शुभकामनाओं की अनुपम छटा देखने को मिली।
विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना सिंह ने अपने मार्मिक उद्बोधन में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु प्रबंधक, निदेशिका एवं सभी सहयोगी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।




