
आरसीसी पब्लिक स्कूल बस्ती में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बसंत पंचमी पर्व, नए सत्र का प्रवेश प्रारम्भ
बस्ती। आरसीसी पब्लिक स्कूल बस्ती में विद्या, ज्ञान और कला की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की आराधना का पावन पर्व बसंत पंचमी समरोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने श्रद्धा भाव से सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना एवं पुष्पांजलि के साथ हुई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, भजन, कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ज्ञान, संगीत और कला के महत्व को रेखांकित किया। पीले वस्त्रों एवं पुष्पों से सजा विद्यालय परिसर बसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक शैलेश चौधरी ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बसंत पंचमी न केवल ऋतु परिवर्तन का पर्व है, बल्कि यह शिक्षा, संस्कार और सृजनात्मकता का भी प्रतीक है। उन्होंने जानकारी दी कि विद्यालय में नए शैक्षिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता दें और आरसीसी पब्लिक स्कूल जैसे संस्थानों पर विश्वास करें।
उप प्रधानाचार्य विजय प्रकाश चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि आरसीसी पब्लिक स्कूल विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से युक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, अनुभवी शिक्षकों और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उनका कहना था कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास भी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और अभिभावकों ने भी विद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की। समापन अवसर पर प्रसाद वितरण किया गया और पूरे आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।





