
बृजेश आर्य की पहल से चरकैला में जलजमाव की समस्या दूर, सड़क की बदहाली पर साधा निशाना
बस्ती। महादेवा विधानसभा क्षेत्र के चरकैला गांव में सड़क पर लंबे समय से जलजमाव और गड्ढों की समस्या से ग्रामीणों, स्कूली बच्चों तथा व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आए दिन इस मार्ग पर हादसों की आशंका बनी रहती थी और राहगीरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान कांग्रेस नेता एवं महादेवा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी बृजेश आर्य की नजर इस समस्या पर पड़ी। उन्होंने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रमुखता से मुद्दा उठाया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया, जिसके बाद संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी हरकत में आए। प्रशासन की ओर से जेसीबी मशीन लगाकर सड़क पर जमा पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया गया, जिससे जलजमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई और लोगों को राहत मिली। हालांकि, बृजेश आर्य ने सड़क की बदहाल स्थिति पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह सड़क ऐसी हो चुकी है कि समझना मुश्किल है कि “सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क।” उन्होंने जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जिन स्थानों पर आम जनता रोजाना परेशान होती है, वहां उनकी नजर नहीं पड़ती। बृजेश आर्य ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए और सड़क की स्थायी मरम्मत कराकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
स्थानीय ग्रामीणों ने जलनिकासी की व्यवस्था होने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब पहले की तुलना में सड़क की स्थिति बेहतर हुई है। लोगों ने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जल्द ही सड़क के गड्ढों की भी मरम्मत कराकर इस मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त करेगा। वहीं क्षेत्र में बृजेश आर्य की सक्रियता और जनहित के मुद्दों को लेकर उनकी पहल की चर्चा भी तेज हो गई है।





