
बस्ती रेंज को आईजीआरएस रैंकिंग में मिला प्रदेश में प्रथम स्थान
बस्ती। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के मामले में बस्ती परिक्षेत्र ने पूरे प्रदेश में अव्वल स्थान हासिल किया है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की जून माह की रैंकिंग में बस्ती रेंज को प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
इस उपलब्धि पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने परिक्षेत्रीय कार्यालय के प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक ब्रजेन्द्र प्रसाद पटेल एवं उनकी टीम के कार्यों की सराहना करते हुए शाबाशी दी। डीआईजी ने कहा कि टीम की मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल हुआ है तथा आगे भी इसी तत्परता के साथ जनसमस्याओं के निस्तारण की उम्मीद जताई।
गौरतलब है कि आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर ही परिक्षेत्रों की रैंकिंग तय होती है। बस्ती रेंज की यह उपलब्धि क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता को दर्शाती है।





