
बस्ती: प्रेमी को कमरे में बंद कर जलाने की आरोपी महिला गिरफ्तार
बस्ती। मुण्डेरवा पुलिस ने युवक को कमरे में बंद कर आग लगाने के मामले में वांछित अभियुक्ता को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्ता क्रांति चौधरी पत्नी दयाशंकर निवासी थाल्हापार थाना लालगंज जनपद बस्ती को शुक्रवार को मुण्डेरवा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक 02 मई 2026 को सरस्वती पत्नी सीताराम गुप्ता निवासी बरहुआ थाना मुण्डेरवा ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि क्रांति चौधरी उनके पुत्र रामचंद्र गुप्ता के साथ पिछले चार वर्षों से बिना शादी किए पति-पत्नी की तरह रह रही थी तथा पिछले दो माह से उनके घर में रह रही थी। आरोप है कि एक मई की रात लगभग 11 बजे क्रांति चौधरी कमरे में आग लगाकर दरवाजा बंद कर फरार हो गई, जिससे रामचंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। उसका इलाज मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था।
इस मामले में थाना मुण्डेरवा पर मुकदमा दर्ज किया गया था। इलाज के दौरान 06 मई की रात करीब 10 बजे रामचंद्र की मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में और धारा की बढ़ोत्तरी करते हुए कार्रवाई तेज की और अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मुण्डेरवा प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव, हेड कांस्टेबल पुनीत पाठक, कांस्टेबल कामोद कुशवाहा तथा महिला कांस्टेबल मौसम यादव शामिल रहे।





