बस्ती स्थापना दिवस एवं द्वितीय “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड्स” समारोह भव्यता के साथ सम्पन्न

बस्ती।नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ द्वारा आयोजित “बस्ती स्थापना दिवस एवं द्वितीय बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड्स” समारोह का भव्य आयोजन राजकीय इण्टर कॉलेज, बस्ती के सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, युवा उद्यमियों एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य बस्ती जनपद की प्रतिभाओं, समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तियों तथा जिले के विकास में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, विधायक अजय सिंह, पूर्व विधायक संजय जायसवाल, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, यशकांत सिंह, अंकुर वर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
समारोह में “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।


स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉ. मोहम्मद इकबाल, बसंत चौधरी, डॉ. वी. के. वर्मा, डॉ. अजय चौधरी एवं डॉ. अनिल यादव को सम्मानित किया गया।
सामाजिक कार्य के लिए अनिल त्रिपाठी, राम प्रताप सिंह एवं बबीता गौतम को सम्मान मिला।
व्यवसाय क्षेत्र में कमल सेन, प्रेम अग्रवाल, सिद्धार्थ मिश्रा एवं आदित्य श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अजय सिंह गौतम को सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में सत्य प्रकाश सिंह, राजेश चौधरी, प्रियंका सिंह एवं शैलेश चौधरी को सम्मानित किया गया।
साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में कमला पति पांडेय, राम नरेश सिंह “मंजुल” एवं कात्यायनी पाण्डेय को सम्मान प्राप्त हुआ।
खेल क्षेत्र में अनिल यादव, राम सिंह एवं विनीत गुप्ता को सम्मानित किया गया।
युवा प्रेरणा श्रेणी में अमन शुक्ला एवं प्रखर शुक्ला को सम्मान दिया गया।
कृषि क्षेत्र में पुष्पा गौतम को सम्मानित किया गया, जबकि युवा उद्यमी श्रेणी में ऋतुराज सिंह एवं सौरभ दुबे को सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर भोजपुरी गायक सौरभ सिंह रॉयल द्वारा बस्ती को समर्पित विशेष गीत “बस्ती वाले हैं हम” का लोकार्पण भी अतिथियों के करकमलों द्वारा किया गया। गीत के लोकार्पण के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने इसे बस्ती की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा गौरवपूर्ण प्रयास बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने कहा कि बस्ती की धरती प्रतिभाओं और संस्कारों की भूमि रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के उन लोगों को मंच प्रदान करते हैं जो निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ की सराहना करते हुए कहा कि संस्था युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है।
विधायक अजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बस्ती तेजी से विकास और सामाजिक जागरूकता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रतिभाशाली लोगों का सम्मान करना वास्तव में पूरे समाज का सम्मान है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक संजय जायसवाल ने कहा कि बस्ती की पहचान यहां की प्रतिभा, संस्कृति और सामाजिक समरसता से है। उन्होंने कहा कि “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” जैसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और प्रेरणा का वातावरण तैयार करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि बस्ती की युवा शक्ति में अपार संभावनाएं हैं और यदि उन्हें सही मंच एवं मार्गदर्शन मिले तो वे जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के अध्यक्ष भावेष पाण्डेय ने सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों, प्रतिभागियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “बस्ती स्थापना दिवस” केवल एक आयोजन नहीं बल्कि अपने जनपद की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और प्रतिभाओं को सम्मान देने का अभियान है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी समाज, युवाओं और बस्ती के विकास के लिए ऐसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
कार्यक्रम का संचालन अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ तथा अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कुलदीप कलश और राम प्रताप सिंह ने किया। संयोजन काजी फरजान और तेज प्रकाश शुक्ल ने किया।

Related Articles

Back to top button