राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

बस्ती। दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, हवेली खास के विद्यार्थियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। मेडिकल, इंजीनियरिंग, फैशन, मैरीटाइम एवं उच्च शिक्षा के प्रतिष्ठित संस्थानों में विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।

NEET UG-2026 के घोषित परिणाम में विद्यालय के छात्र पवन विश्वकर्मा ने ऑल इंडिया रैंक 16,510 एवं कैटेगरी रैंक 7,765 प्राप्त कर एमबीबीएस की राह आसान की। वहीं जरताब असर ने ऑल इंडिया रैंक 18,481 एवं कैटेगरी रैंक 8,751, जबकि सौरव वर्मा ने ऑल इंडिया रैंक 29,476 एवं कैटेगरी रैंक 14,208 हासिल कर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा।

विद्यालय के लिए यह भी गौरव का विषय है कि पिछले वर्ष की छात्रा फिरदौस बेगम ने NEET में ऑल इंडिया रैंक 1,575 प्राप्त की थी और वर्तमान में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।

सीयूईटी-2026 में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पलक सिंह का चयन दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित मिरांडा हाउस तथा माही का चयन इंद्रप्रस्थ कॉलेज में हुआ। दोनों संस्थानों में प्रवेश को विद्यार्थियों की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

इसके अलावा अनुज कुमार ने आईएमयू-सीईटी में ऑल इंडिया रैंक 865 प्राप्त कर इंडियन मैरीटाइम यूनिवर्सिटी, चेन्नई में प्रवेश सुनिश्चित किया। वैभव वर्मा का चयन आईआईटी रुड़की में हुआ, जबकि ऋषु बौद्ध ने निफ्ट की प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 3,015 प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया। प्रबंधक, प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी के माध्यम से विद्यार्थियों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

Related Articles

Back to top button