
दबंगों ने रोका चकबंदी अधिकारी के आदेश का पालन, पीड़ित ने मंडलायुक्त, डीएम से लगाई न्याय की गुहार
बस्ती। जनपद के कुदरहा क्षेत्र से भूमि विवाद और जान से मारने की धमकी का एक गंभीर मामला सामने आया है। तहसील बस्ती के ग्राम बैसिया कला निवासी राम उग्रह पुत्र रामदास ने मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और मुख्य राजस्व अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अपनी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा दिलाने और सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित राम उग्रह के अनुसार, उपसंचालक चकबंदी (DDC) बस्ती के न्यायालय ने 9 सितंबर 2024 को एक आदेश पारित किया था, जिसके तहत पीड़ित को उसके मूल गाटा संख्या 175 (0.196 हेक्टेयर) में चक प्रस्तावित किया गया था। इस आदेश के खिलाफ विपक्षी संतराम पुत्र रामनरेश ने हाईकोर्ट में रिट याचिका (संख्या 4365) दाखिल की थी, जिसे माननीय उच्च न्यायालय ने 26 नवंबर 2024 को खारिज कर दिया। इसके बाद विपक्षी ने पुनः DDC न्यायालय में बहाली प्रार्थना पत्र दिया, जिसे सुनवाई के बाद 22 अप्रैल 2026 को खारिज करते हुए पुराने आदेश को बहाल रखा गया।शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बावजूद विपक्षी संतराम पुत्र रामनरेश जमीन पर कब्जा नहीं होने दे रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि विपक्षी उसे खुलेआम धमकी दे रहे हैं कि यदि वह खेत में गया तो उसका “गला काट देंगे। पीड़ित ने प्रशासन को अवगत कराया है कि कानूनी रूप से जीत मिलने के बाद भी वह अपनी ही जमीन का उपयोग नहीं कर पा रहा है। उसने जिलाधिकारी से निवेदन किया है कि पुलिस बल की उपस्थिति में उसे उसके रकबे पर कब्जा दिलाया जाए ताकि किसी भी अनहोनी को टाला जा सके। पत्र के साथ पीड़ित ने DDC के आदेश की प्रति और हाईकोर्ट के फैसले की नकल भी संलग्न की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।





