
रुधौली में अंबेडकर सम्मान अभियान: संजय प्रताप जायसवाल के नेतृत्व में संविधान के मूल्यों का संदेश”
बसडीला मानिकचंद में हुआ भव्य आयोजन ● सीए सी.पी. शुक्ला रहे मुख्य अतिथि ● जनप्रतिनिधियों व सैकड़ों लोगों की रही सहभागिता● संविधान के मूल्यों को अपनाने का लिया संकल्प
बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र के बसडीला मानिकचंद स्थित सिंह मैरेज हाल में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन निवर्तमान विधायक संजय प्रताप जायसवाल द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कप्तानगंज के सीए सी.पी. शुक्ला रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहब के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, न्याय और अधिकारों का जो संदेश दिया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि हमें उनके विचारों को आत्मसात करते हुए समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयोजक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि बाबा साहब का सपना एक समतामूलक समाज का निर्माण करना था, जहां हर व्यक्ति को समान अवसर मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सिर्फ श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संगीता जायसवाल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए बाबा साहब का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में समानता स्थापित करने के लिए हमें उनके बताए रास्ते पर चलना होगा।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा डॉ. रोली सिंह, रामनगर ब्लाक प्रमुख यशकांत सिंह, सल्टोआ गोपालपुर ब्लाक प्रमुख दुष्यंत विक्रम सिंह तथा साऊघाट ब्लाक प्रमुख अभिषेक कुमार ने भी अपने-अपने विचार रखते हुए बाबा साहब के योगदान को याद किया और समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इसके अलावा कार्यक्रम में मनोज सिंह, विकास शर्मा, भोला सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजकों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।





